Exit poll पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कटाक्ष, बोले- सटीक नहीं एग्जिट पोल के आंकड़े, कांग्रेस के पक्ष में आएंगे नतीजे

Exit poll पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कटाक्ष, बोले- सटीक नहीं एग्जिट पोल के आंकड़े, कांग्रेस के पक्ष में आएंगे नतीजे

लोकसभा चुनाव नतीजे आने से पहले आए एग्जिट पोल के अनुमानों से जहां बीजेपी की बांछें खिल गई हैं वहीं कांग्रेस और इंडिया गठबंधन ने इन एग्जिट पोल के आंकड़ों पर सवाल उठाए हैं और कहा है कि एग्जिट पोल के आंकड़े सही नहीं हैं। अब हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पत्रकारवार्ता करते हुए कहा कि एग्जिट पोल के आंकड़े सटीक नहीं हैं। और नतीजे कांग्रेस पार्टी के पक्ष में आएंगे।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बीजेपी सरकार बौखलाहट में हैं, उन्होंने आगे कहा कि जनता ने कांग्रेस का संगठन बनकर चुनाव लड़ा है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बीजेपी सरकार पर आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार सरकारी नौकरियों को खत्म करना चाहती है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई बार एग्जिट पोल ग़लत साबित हो चुके हैं। चार जून को परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आएंगे। कांग्रेस ने बेरोजगारी, अपराध, नशे, महंगाई, खेती, कारोबार जैसे जमीनी मुद्दों पर चुनाव लड़ा है। बीजेपी के पास ना कोई मुद्दा था और ना ही कोई रिपोर्ट कार्ड। पूर्व सीएम ने कहा कि बीजेपी सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाई है। बीजेपी ने प्रदेश को बेरोजगारी में नंबर वन बना दिया। प्रदेश में 2 लाख से ज्यादा पद खाली पड़े हुए हैं, लेकिन सरकार पक्की भर्तियां करने की बजाय लगातार भर्ती घोटाले कर रही है।

CET को लेकर आए हाईकोर्ट के फैसले पर पूर्व सीएम ने कहा कि हाईकोर्ट का फैसला इस सरकार की नीति और नियत का पर्दाफाश करता है। इस फैसले से एक बार फिर स्पष्ट हो गया कि बीजेपी प्रदेश में सरकारी नौकरियां खत्म करना चाहती है ।भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि एक गहरी साजिश के जरिए सरकार ने युवाओँ को सीईटी, पेपर लीक, घोटालों और मुकदमों के जंजाल में फंसा रखा है। बिना मेरिट, बिना आरक्षण और बिना किसी परीक्षा के सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों को लगातार हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से भरा जा रहा है।